Jharkhand Chunav: सीएम हेमंत सोरेन को टक्कर देंगे गमालियल हेम्ब्रम, झारखंड चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की अंतिम लिस्ट

Jharkhand Chunav: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने एक और लिस्ट (bjp candidate list) जारी कर दी है। इस लिस्ट में दो उम्मीदवारों के नाम हैं। बीजेपी ने झारखंड की सबसे हॉट सीट बरहेट विधानसभा सीट (Barhait Assembly Seat) से गमालियल हेम्ब्रम (Gamaliyal Hembram) को उम्मीदवार बनाया है। हेम्ब्रम का मुकाबला JMM चीफ और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) से होगा। वहीं टुंडी विधानसभा सीट से विकास महतो को टिकट दिया है।
बता दें कि गमालियल हेम्ब्रम 2019 तक पारा शिक्षक थे। 5 साल पहले नौकरी छोड़कर राजनीति में आए थे। 2019 में भी हेम्ब्रम बरहेट सीट पर हेमंत सोरेन के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। तब आजसू के टिकट पर लड़े गमालियल को महज 2573 वोट मिले थे।
झारखंड की सबसे हॉट सीट में शुमार बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद उम्मीदवार हैं और लगातार 2014 से चुनाव जीत रहे हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित यह सीट JMM के लिए सबसे सुरक्षित सीट मानी जाती है। बरहेट विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी। इस सीट को झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ माना जाता है। सीएम हेमंत सोरेन ने बरहेट विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार नामांकन दाखिल किया है।
टुंडी से विकास महतो को टिकट
टुंडी विधानसभा सीट से भाजपा ने विकास महतो को उम्मीदवार बनाया है। विकास महतो फिलहाल झनबाद जिला परिषद के सदस्य हैं।वो मुखिया और झारखंड प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष भी रह चुकें हैं। इस सीट से जेएमएम से पूर्व मंत्री और विधायक मथुरा महतो चुनाव लड़ रहे हैं।
कौन हैं गमालियल हेंब्रम?
बरहेट सीट से बीजेपी उम्मीदवार गमालियल हेंब्रम टीचर की नौकरी छोड़कर करीब 5 साल पहले राजनीति में सक्रिय हुए थे। 2019 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ गमालियल हेम्ब्रम आजसु पार्टी के टिकट से सरकारी नौकरी छोड़कर चुनावी अखाड़े में उतरे थे। चुनाव में उनकी जमानत जब्त हो गई थी। उन्हें महज 2573 वोट ही मिले थे। इस सीट में हेमंत सोरेन ने जीत हासिल की थी। हेमंत सोरेन को 73,725 वोट मिले थे। वहीं दूसरे स्थान पर बीजेपी के उमीदवार सिमोन मालतो थे। उन्हें 47,985 वोट मिले थे।
13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान
बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से 43 पर पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा। वहीं, दूसरा चरण 20 नवंबर को 38 सीटों पर कराया जाएगा। इसके बाद 23 नवंबर को मतगणना के बाद राज्य में नई सरकार का ऐलान हो जाएगा।



