देश
Jharkhand Road Accident: अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से खचाखच भरी बस, 7 लोगों की मौत, इतने लोग थे सवार

हजारीबागः Jharkhand Road Accident झारखंड के हजारीबाग जिले में बृहस्पतिवार को पटना जा रही एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कम से कम सात यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर गोरहर थाना क्षेत्र के पास हुई। बस सड़क पर मुड़ते समय पलट गई। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बस में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।’’ दुर्घटना के समय बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। बस कोलकाता से पटना जा रही थी।
अलीगढ़ में भी हादसा
अलीगढ़ में कोहरे के चलते ट्रक और डबल डेकर बस में भिड़ंत हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है। 15 घायल हैं, जिन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसा यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात 1 बजे हुआ। बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बस-ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंडक्टर साइड में बस पूरी क्षतिग्रस्त हो गई। आगे सीट पर बैठी सवारियां कांच तोड़ते हुए बाहर आ गईं।


