पिट्ठू बैग में छिपाकर बेच रहा था शराब… पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, खुलते ही रह गए सबके होश!
गंज थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई, 91 बोतल देशी शराब, बाइक और नकदी जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गंज थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिट्ठू बैग में शराब छिपाकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब, बिक्री की नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के चूना भट्ठी स्थित मंदिर के पास एक युवक दोपहिया वाहन पर सवार होकर बैग में अवैध शराब रखे बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूपेश पटेल (35 वर्ष) निवासी आजाद चौक सतनामी पारा, भानसोज (थाना आरंग) तथा वर्तमान पता टुरी हटरी, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पिट्ठू बैग से 86 नग पौवा और 5 नग अध्धी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस द्वारा शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब, बिक्री की नकदी तथा होंडा मोटरसाइकिल (CG 04 QT 1186) सहित करीब 50 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 214/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। राजधानी में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।



