छत्तीसगढ़

“कजरी – द बैटल फॉर फ्रीडम” का भव्य प्रदर्शन

“कजरी – द बैटल फॉर फ्रीडम” का भव्य प्रदर्शन
मानव तस्करी पर आधारित फिल्म ने बढ़ाया जनजागरूकता का संदेश

जशपुर, 06 अप्रैल 2025 — ग्राम बगिया स्थित निवास कार्यालय में आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला जब छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित एवं निर्देशित लघु फिल्म “कजरी – द बैटल फॉर फ्रीडम” का भव्य प्रथम प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, वरिष्ठ अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने फिल्म को अत्यंत शिक्षाप्रद एवं रोचक बताते हुए इसकी प्रशंसा की और कहा कि यह फिल्म मानव तस्करी की बारीकियों को उजागर करती है तथा लोगों में सतर्कता एवं जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगी। उन्होंने आम नागरिकों को सोशल मीडिया के प्रति सचेत रहने का भी सुझाव दिया।

श्रीमती कौशल्या साय ने भी फिल्म को सराहते हुए कहा कि “इस फिल्म का ग्रामीण क्षेत्रों में और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार प्रदर्शन किया जाना चाहिए।”

फिल्म के निर्माता-निर्देशक एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि फिल्म में यह दिखाया गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मानव तस्कर भोली-भाली बच्चियों को किस प्रकार फंसाते हैं और फिर पुलिस द्वारा उनका कैसे रेस्क्यू किया जाता है। फिल्म को यूट्यूब पर रिलीज भी कर दिया गया है।

फिल्म में छालीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री सुश्री नंदनी सिन्हा डीएसपी की भूमिका में हैं, जबकि श्री शशि मोहन सिंह स्वयं एसपी की भूमिका में नजर आते हैं। अन्य कलाकारों में श्री शरद श्रीवास्तवदिव्या नागदेवउत्कर्ष श्रीवास्तव, तथा यूट्यूबर सुश्री आकांक्षा टोप्पो (कजरी की भूमिका) प्रमुख हैं।

इस फिल्म की कहानी श्री शशि मोहन सिंह एवं स्क्रीनप्ले तोरण राजपूत द्वारा लिखी गई है। पुलिस विभाग से एसडीओपी श्री चंद्रशेखर परमा और निरीक्षक रविशंकर तिवारी ने भी सहयोग दिया।

गौरतलब है कि श्री शशि मोहन सिंह पूर्व में “यातना”, “गोमती” और “कोटपा” जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुके हैं, जिन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने टीम को बधाई देते हुए निर्देशित किया कि इस प्रकार की और फिल्में बनाकर समाज में जनजागरूकता लाई जानी चाहिए। इस प्रेरणा से पूरी टीम उत्साहित है और भविष्य में और भी सामाजिक विषयों पर फिल्म निर्माण की योजना बना रही है।

Related Articles

Back to top button