छत्तीसगढ़

अगले 48 घंटे सावधान! छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, इन इलाकों में सबसे ज्यादा खतरा

लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी; रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में है। लो प्रेशर सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर के बाद बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लोगों को घर से निकलते समय रेनकोट और छाता साथ रखने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी झारखंड के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा दक्षिण ओडिशा के ऊपर सक्रिय एक अन्य सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी लगातार बनी हुई है। वहीं, मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा से होकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे बारिश की गतिविधियों को और बल मिल रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button