हवस में अंधा प्रेमी गिरफ्तार, प्रेग्नेंट युवती की रिपोर्ट पर चंद घंटों में दबोचा गया दरिंदा
सोशल मीडिया का जाल बना मौत का कारण, फरसगाँव पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा

केशकाल। सोशल मीडिया का दुरुपयोग युवाओं के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर नाबालिग छात्रा को प्रेम के जाल में फँसाकर बलात्कार करने का मामला फरसगाँव में सामने आया। पीड़िता गर्भवती होने के बाद ही घरवालों को अपनी तकलीफ़ बताई। इसके बाद आरोपी सुंदरलाल नेताम उर्फ गप्पू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी जान-पहचान सुंदरलाल नेताम से हुई। 2 अक्टूबर की रात आरोपी ने उसे फोन कर धमकी दी कि अगर वह बाहर नहीं निकली तो घर में घुसकर बदनाम कर देगा। डर के मारे पीड़िता घर के बाहर आई तो आरोपी ने जबरदस्ती उसका हाथ पकड़कर अपने घर ले जाकर बलात्कार किया। इसके बाद लगातार धमकी और बदनाम करने की बातें कहकर पीड़िता के साथ अनाचार करता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई।
जब पीड़िता ने शादी की बात कही, तो आरोपी ने साफ मना कर दिया और धमकी दी कि प्रेग्नेंसी की जानकारी किसी को दी तो जान से मार देगा। पीड़िता की शिकायत पर फरसगाँव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में गठित टीम ने चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर गंभीर कार्रवाई की जाएगी और महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


