माफिया अतीक अहमद के हमलावर जहां रुके थे, वहां पहुंची SIT:होटल के CCTV का DVR, रजिस्टर कब्जे में लिया, हमलावरों के 2 मोबाइल यहीं से बरामद
माफिया अतीक अहमद और अशरफ हत्याकांड में SIT ने जांच तेज कर दी है। शनिवार दोपहर SIT प्रयागराज जंक्शन के पास होटल ‘स्टे इन’ पहुंची। यहीं अतीक-अशरफ पर हमला करने वाले रुके थे। SIT ने होटल की DVR और रजिस्टर को कब्जे में लिया है। SIT ने यह भी पता लगाया कि पिछले दिनों क्या कोई संदिग्ध इस होटल में रुका था। आसपास के भी CCTV फुटेज चेक किए हैं।
SIT सूत्रों के मुताबिक, शूटर्स के दो मोबाइल शुक्रवार को SIT ने इसी होटल से बरामद कर लिए हैं। इन मोबाइल को हत्या के लिए जाने से पहले हमलावरों ने होटल में ही छोड़ दिया था। हालांकि, इन मोबाइल से सिम गायब मिले हैं। SIT कड़ी से कड़ी जोड़कर हत्याकांड के मकसद और इसके पीछे के लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल, SIT होटल में शूटर्स की एक्टिविटी क्या रही? कब आए, कब गए? हत्याकांड वाले दिन कितने बजे गए थे? इन सभी सवालों के जवाब की तलाश में लगी हुई है। शुक्रवार को हमलावर लवलेश तिवारी, अरुण मौर्या और सनी सिंह से दो राउंड में 8 घंटे पूछताछ की गई।
हत्याकांड के वक्त बैकअप में थे दो मददगार
मोबाइल होटल में ही छोड़कर जाने पर SIT ने शूटर्स से पूछा कि अतीक-अशरफ के कॉल्विन अस्पताल पहुंचने का कैसे पता चला? जवाब में शूटर्स ने बताया कि हत्याकांड के वक्त बैकअप में 2 लोग और मौजूद थे। एक अस्पताल परिसर में और दूसरा बाहर खड़ा था। इनमें से एक प्रयागराज का रहने वाला है, जबकि दूसरा बाहर का है। हालांकि, यह लोग कौन थे? इस बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।
SIT को शूटर्स के जो दो मोबाइल मिले हैं, उसके आधार पर यह पता कर रही है कि इसमें किस नंबर की सिम थी। इसका पता चलने के बाद कॉल डेटा रिकॉर्ड यानी CDR निकाली जाएगी। पुलिस को फोन से इस हत्याकांड के कई सबूत मिलने की उम्मीद है। डेटा रिकवर होने के बाद हत्याकांड के पीछे किसका हाथ है? शूटर्स किसके संपर्क में थे? शूटर्स को जिगाना जैसी महंगी पिस्टल किसने दी थी? जैसे बहुत से सवालों के जवाब मिल सकेंगे।
होटल का कमरा किसी और ने बुक कराया था
SIT सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लवलेश तिवारी ने पूछताछ में बताया कि वह मोहित और अरुण के साथ प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास होटल में रुके थे। कमरा किसी और ने बुक कराया था। वह कौन था? SIT ‘स्टे इन’, यानी जहां शूटर्स रुके थे। उसके आसपास के होटल की भी जांच कर रही है। ताकि यह पता चल सके कि क्या आसपास कोई संदिग्ध रुका था।
इसके अलावा, पूछताछ में हमलावरों ने जिन-जिन लोकेशन में होने की जानकारी दी है। पुलिस वहां के CCTV भी चेक कर रही है। हालांकि, फुटेज में कुछ मिला या नहीं, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
अतीक के बेटे के वॉट्सऐप ग्रुप में शूटर अरुण मौर्य भी जुड़ा था
13 अप्रैल को एनकाउंटर में मारे गए अतीक के बेटे असद ने शेर-ए-अतीक नाम से एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया था। इसमें 200 सदस्य थे। ये सभी अतीक के करीबी बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस ग्रुप में शूटर अरुण मौर्य भी जुड़ा था। वह असद के संपर्क में था। पुलिस इस बिंदु से भी तीनों से पूछताछ कर रही है।
उमेश पाल मर्डर के ठीक कुछ दिन पहले इस वॉट्सऐप ग्रुप को डिलीट कर दिया गया था। इसमें प्रयागराज के अलावा कौशांबी, फतेहपुर समेत प्रदेश के कई शहरों के युवक भी शामिल थे। इस ग्रुप में अतीक अहमद, उसके बेटे उमर और अली के वीडियो शेयर किए जाते थे। अली का मजीदिया कॉलेज में दिया गया भाषण भी इसमें शेयर किया गया था। असद भी अपनी रील्स इसमें डाला करता था।


