
महासमुंद। गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी और तेज कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ी को महज 24 घंटे के भीतर सोर्स से डेस्टिनेशन प्वाइंट तक जोड़ दिया। ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने पहले गांजा लेकर जा रहे तीन अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा और उनकी पूछताछ व तकनीकी जांच के आधार पर ओडिशा के बलांगीर जिले तक पहुंचकर कथित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बनमाली बाघ (37) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के बलांगीर जिले के जोगीमुड़ा का रहने वाला है।
कार की तलाशी में मिला 12 किलो से ज्यादा गांजा
मामला 30 अगस्त 2026 का है। थाना बसना पुलिस को अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध डिजायर कार की जानकारी मिली।
पुलिस ने कार क्रमांक CG 08 BF 7700 को रोककर सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 12.260 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई है।
मौके से कार में सवार तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुला ओडिशा कनेक्शन
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि तीनों गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले के जोगीमुड़ा निवासी बनमाली बाघ से लेकर राजनांदगांव जा रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने मामले को सिर्फ गांजा बरामदगी तक सीमित न रखते हुए पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ तकनीकी जांच और डेटा एनालिसिस का सहारा लिया। इसी आधार पर पुलिस टीम कथित मुख्य सप्लायर तक पहुंची।
महासमुंद पुलिस की एक टीम को ओडिशा के बलांगीर जिले भेजा गया। वहां स्थानीय पटनागढ़ थाना पुलिस को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई के जरिए बनमाली बाघ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, बनमाली बाघ आदतन अंतरराज्यीय गांजा तस्कर है और पहले भी तस्करी से जुड़े मामलों में शामिल रह चुका है।
गांजा, कार और मोबाइल समेत 11.50 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने इस पूरे मामले में गांजा और तस्करी में इस्तेमाल कार के साथ पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल फोन समेत जब्त सामग्री को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस इन संसाधनों के जरिए तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना बसना में अपराध क्रमांक 469/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी बनमाली बाघ को न्यायालय सरायपाली में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सोर्स से डेस्टिनेशन तक कार्रवाई पर जोर
महासमुंद पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सभी थाना-चौकी को अवैध मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसमें सिर्फ तस्कर को पकड़ना ही नहीं, बल्कि फाइनेंशियल लिंक, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचकर नेटवर्क को खत्म करने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह End-to-End कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

