मोदी का CG दौरा : बीजेपी के विजय संकल्प महारैली में शामिल हुए प्रधानमंत्री, कहा- आपको भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह का निमंत्रण देने आया हूं…

कांकेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांकेर में विजय संकल्प महारैली को संबोधित किया. इस बीच उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया और लोगों से भाजपा की सरकार बनाने की अपील की. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के समर्थन में जो आंधी चल रही है उसकी एक झलक यहां कांकेर में भी दिख रही है. आप इतनी बड़ी तादाद में हमारे सभी साथियों को आशीर्वाद देने आए हैं.
आज बस्तर की इस पावन धरती से मुझे भी भाजपा के संकल्प के साथ जुड़ने का अवसर मिला है. ये संकल्प छत्तीसगढ़ को सशक्त करने का है. हर गरीब, आदिवासी पिछड़े के हक की रक्षा करना है. छत्तीसगढ़ को देश के टॉप राज्यों में लाने का है. कांग्रेस और विकास में 36 का आंकड़ा है. जहां कांग्रेस रहेगी वहां विकास हो ही नहीं सकता. छत्तीसगढ़ ने भरी हुंकार… अबकी भाजपा सरकार. कल ही छत्तीसगढ़ ने अपना स्थापना दिवस मनाया है. छत्तीसगढ़ के लोगों और भाजपा ने साथ मिलकर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया. हमने छत्तीसगढ़ में नई व्यवस्थाएं बनाई. लेकिन जब तक दिल्ली में कांग्रेस सरकार रही वो यहां की भाजपा सरकार से दुश्मनी निकालती रही. लेकिन फिर भी हम छत्तीसगढ़ नई उचाइयों पर ले गए.
परिवार में 25 साल आयु वाला मुद्दा बहुत महत्वपूर्ण होता है. इसलिए ये चुनाव सिर्फ विधायक मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है. बल्कि ये आपके भविष्य, आपके बच्चों के भविष्य का फैसला करने का चुनाव है. आपने बीते पांच साल में कांग्रेस सरकार की नाकामी देखी है. इन पांच वर्षों में कांग्रेस के नेताओं की कोठियां, उनके बंगलें, उनकी कारें, इन्हीं का विकास हुआ है. कांग्रेस के नेताओं के बच्चों और उनके रिश्तेदारों को ही फायदा हुआ है.
बस्तर के गरीब लोगों को क्या मिला ? छत्तीसगढ़ के लोगों को कांग्रेस ने टूटी-फूटी सड़के दीं है. सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का नया रिकॉर्ड बनाया है. कांग्रेस सरकार में आपको नौकरी की बंदरबांट, हिंसा, यही सब कुछ मिला है. बस्तर का एक एक भाई-बहन, आज पूरा छत्तीसगढ़ कह रहा है अउ नई सहिबो बदल के रहिबो.
गरीब की चिंता हम आपके वर्तमान और भविष्य दोनों की चिंता करते हैं. इसलिए बीते 9 वर्षों के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार ने जो भी योजनाएं बनाई हैं, उनका लक्ष्य एक ही रहा है, गरीब, आदिवासी का कल्याण. हमने गरीबों को पक्के घर की योजना बनाई. जब गरीब के लिए दिल में दर्द होता है तो काम कैसे होते हैं मैं बताता हूं. अभी तक देश भर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को आवास मिल चुका है. छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए भी लाखों घर बनाने की योजना है.
जैसे-जैसे परिवार बढ़ रहे हैं ये आपका मोदी उनके लिए भी घर बनाएगा. लेकिन यहां की कांग्रेस सरकार पिछले पांच साल में मैंनें देखा, देशभर में तो मैं काम कर पाता हूं लेकिन यहां के गरीबों के घर बनाने में रोड़ा अटकाते हैं. उनको गरीब की चिंता नहीं है. मैं आज आपको ये वादा करता हूं, छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद पीएम आवास योजना के काम को और तेज किया जाएगा. यहां के हर हितग्राही को पक्का घर मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है.
आपने देखा है कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, दुनिया के कई देशों में खाने का संकट पैदा हो गया. इस बीच भारत में सब को इस संकट से निकालने का काम आपके सेवक मोदी ने किया है. लेकिन कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में इस योजना में भी घोटाला कर दिया. आजादी के दशकों बाद पंचायत से पार्लियामेंट तक कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन फिर भी शौचालय नहीं थे, बैंक गरीबों तक नहीं पहुंचते थे, लेकिन आपके आशीर्वाद से मोदी बिना थके आपकी सेवा कर रहा है.
बस्तर से ही मैनें आयुष्मान योजना के तहत गांव-गांव में अच्छे अस्पताल बनाने की शुरुआत की थी. हमने नाम रखा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, देश के लोगों ने इसका नाम बदलकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर. कितना उपयोगी हुआ होगा तब ये नाम देश के गांव वालों ने निकाला होगा. छत्तीसग़ढ़ में भी ऐसे मंदिर बनाए गए हैं. छत्तीसगढ़ के 2 करोड़ से अधिक साथी इसके लाभार्थी हैं. लाखों साथी इस योजना से तहत अपना मुफ्त इलाज करा चुके हैं.
हमने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति और सुरक्षा बीमा योजनाएं इसलिए बनाई ताकि गरीब को भी मुश्किल समय में मदद मिल सके. हमने अटल पेंशन योजना बनाई. जिसमें एक तय पेंशन सुनिश्चित हुई है. इसके सबसे बड़े लाभार्थी हमारे एससी, एसटी ओबीसी वर्ग के मेरे परिवार जन. मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी पूरा करने की गारंटी.
गंगा जी की कसम खाकर झूठी घोषणा करने का काम सिर्फ के कांग्रेस नेता ही कर सकते हैं. लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के आरक्षण भी कितने समय से लटका पड़ा था, ये काम भी मोदी ने गारंटी पूरी की. हमने पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत हर विश्वकर्मा भाई-बहनों को आर्थिक सहयोग दिया है. हर क्षेत्र, हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचे, सबको सम्मान का जीवन मिले ये भाजपा की नीति है. तुष्टिकरण किसी का नहीं यही भाजपा की नीति है.


