नारायणपुर: मशाज और मालिश का शौक रखने वाले शिक्षक के विरुद्ध बच्चों से मारपीट की घटना सहित गंभीर आरोपों पर जांच दल गठित, सेंद्रीमुंडा स्कूल पहुंच जांच दल ने शुरू की अपनी पड़ताल,उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा जांच रिपोर्ट
नारायणपुर : शिक्षा विभाग तत्काल हरकत में आया और जांच दल गठित कर मामले में जांच शुरू भी कर दिया गया है।बताया जा रहा नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सेंद्रीमुंडा में बच्चों के साथ मारपीट करने और मालिश व मशाज का अनोखा शौक रखने शिक्षक के विरुद्ध जांच करने जांच दल स्कूल पहुंच चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला सेंद्रीमुंडा में पदस्थ शिक्षक विजय यादव ने एक अनोखा शौक पाल रखा था जिसमें वह विद्यालय के बच्चों से मालिश और मशाज करवाता था,बच्चों के द्वारा मना करने पर वह बच्चों के साथ मारपीट भी करता था।यह मामला तब उजागर हुआ जब बुधवार को शिक्षक विजय यादव ने दो बच्चों को मालिश और मशाज के लिए कहा लेकिन दोनो बच्चों ने मना कर दिया तभी नाराज शिक्षक ने एक बच्चे की निर्ममता से पिटाई कर दी जिसके बाद दोनों बच्चे स्कूल से भाग अपने परिजनों के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दिए।
बच्चों के साथ मारपीट की घटना सुन परिजन भी आक्रोशित हो गए और पालक सुशील राम तत्काल स्कूल पहुंचे जहां आकस्मिक निरीक्षण हेतु संकुल समन्वयक पहुंचे थे।सुशील राम ने लिखित में आवेदन देकर संकुल समन्वयक को घटना की जानकारी दी और उच्च अधिकारियों को अवगत करा कार्यवाही का मांग किया।उक्त घटना क्रम को आज का दिन न्यूज डॉट कॉम ने प्रमुखता से प्रकाशित किया।खबर प्रकाशन के बाद शिक्षा विभाग भी तत्काल हरकत में आया और चंद घंटे में ही जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता के निर्देश पर जांच दल गठित कर जांच हेतु स्कूल भेज दिया गया है।
जांच दल में प्रमुख रूप से एबीईओ श्रीमती मारिया गोरेती,प्राचार्य बासनताला श्रीमती विनय प्रभा खलखो, संकुल समन्वयक गिनाबहार अख्तर हसन राइन शामिल हैं।जिनके द्वारा बच्चों सहित उनके अभिभावक से सभी आरोपों पर पूछताछ की जा रही है।


