जंगल में छिपा था मौत का जखीरा… फोर्स की सर्चिंग में खुला नक्सलियों का खतरनाक राज
नारायणपुर के अबूझमाड़ में नक्सल डंप का पर्दाफाश, विस्फोटक-IED और राशन बरामद

नारायणपुर।
घने जंगल, सन्नाटा और हर कदम पर खतरा… ऐसे माहौल में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के कुख्यात अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत नक्सलियों की एक गुप्त डंप सामग्री बरामद की गई है, जिससे नक्सल नेटवर्क को करारा झटका लगा है।
नारायणपुर पुलिस की जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम भोटोर के समीप जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री पर फोर्स की नजर पड़ी।
जैसे ही तलाशी तेज की गई, जंगल के भीतर से मौत का सामान निकलकर सामने आ गया। सुरक्षा बलों ने मौके से विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, कई आईईडी, बड़े ड्रम, राशन सामग्री और दैनिक उपयोग के अन्य सामान बरामद किए।
सुरक्षा बलों ने बरामद सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस डंप का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी के लिए कर रहे थे।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा। फोर्स की इस कार्रवाई से नक्सलियों में भय और बेचैनी का माहौल है।


