बलौदाबाजार में शान से लहराया तिरंगा, शहीद परिवारों का सम्मान… 71 अधिकारी-कर्मचारियों को भी मिला सम्मान
80वें स्वतंत्रता दिवस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बलौदाबाजार। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह स्थानीय पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाईस्कूल मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद सांसद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी भी साझा की। पूरे समारोह में देशभक्ति का माहौल नजर आया और बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजन लक्ष्मी ठाकुर और सावित्री सोनी सहित वीर शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा, आरक्षक हुमेश्वर प्रसाद कुर्रे, हीरा लाल गायकवाड़, संतराम साहू, धनंजय वर्मा, संतोष ध्रुव, नरेश कुमार ध्रुव, मिथिलेश कुमार साहू, टेकराम वर्मा और प्रधान आरक्षक हेमलाल कौशिक के परिजन शामिल रहे। इसके अलावा जिले के मीसाबंदियों का भी सम्मान किया गया।
परेड में महिला पुलिस बल ने मारी बाजी
ध्वजारोहण के बाद केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर अतिथि को सलामी दी।
परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर और सेकेंड-इन-कमांड प्रशिक्षु सूबेदार पुष्पेंद्र राज खटर्जी ने किया।
सीनियर मार्च पास्ट में जिला महिला पुलिस बल ने प्रथम, जिला पुरुष पुलिस बल ने द्वितीय और जिला नगर सैनिक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं जूनियर मार्च पास्ट में स्काउट गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल बलौदाबाजार प्रथम, गाइड गुरुकुल इंग्लिश हाई स्कूल द्वितीय और गाइड पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाईस्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता दिल
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रदर्शन के आधार पर पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाईस्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
गुरुकुल इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल को द्वितीय और सेक्रेड हार्ट हाईस्कूल को तृतीय पुरस्कार मिला। समारोह में खुशी और उल्लास के प्रतीक के रूप में रंगीन गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए।
71 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जिला प्रशासन की ओर से बेहतर एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए करीब 71 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
राजस्व, पंचायत, निर्वाचन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, ऊर्जा, परिवहन, महिला एवं बाल विकास, नगर सेना समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
इसके साथ ही ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ से जुड़े युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद कुमार शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, स्काउट-गाइड प्रदेश उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, डीएफओ पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
समारोह ने जिले में देशभक्ति, सम्मान और सेवा भावना का संदेश देते हुए 80वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बना दिया।

