छत्तीसगढ़

रायगढ़: रात में चल रहा था जुए का खेल, अचानक पहुंची पुलिस… 6 जुआरी गिरफ्तार, ₹1.13 लाख की बड़ी जप्ती

रायगढ़: जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम खम्हार में जुआ फड़ों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹8,590 नगद, 3 मोटरसाइकिल और ताश की पत्तियां बरामद की हैं। जब्त सामान की कुल कीमत ₹1,13,590 बताई गई है।

मकान के पीछे खुले में चल रहा था जुए का फड़

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 की रात सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हार में अभय गुप्ता के मकान के पीछे खुले स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस ने टीम बनाकर मौके की घेराबंदी की और एक साथ दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी।

पहले फड़ से 3 आरोपी पकड़े गए

पहले जुआ फड़ से पुलिस ने लवकुश डाठिया, अभय गुप्ता और रामलाल चौहान को पकड़ा।

इनके कब्जे और फड़ से कुल ₹5,390 नगद बरामद हुए। इसके अलावा फड़ के पास से ₹4,440 नगद और करीब ₹40 हजार कीमत की CT 110 X मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

इस फड़ से कुल ₹44,440 की जप्ती की गई।

दूसरे फड़ पर भी पुलिस की दबिश

इसी दौरान पुलिस टीम ने दूसरे जुआ फड़ पर भी कार्रवाई की। यहां से प्रदीपक राठिया, सोधन राठिया और विनय भारद्वाज को जुआ खेलते पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, इनके कब्जे से कुल ₹4,150 नगद बरामद किए गए। इसके अलावा फड़ के पास से ₹4,150 नगद, करीब ₹40 हजार कीमत की CT 110 मोटरसाइकिल और करीब ₹25 हजार कीमत की हीरो होंडा स्प्लेंडर जब्त की गई।

दूसरे फड़ से कुल ₹69,150 की जप्ती हुई।

कुल ₹1.13 लाख से ज्यादा का सामान जब्त

दोनों जुआ फड़ों पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने कुल:

  • ₹8,590 नगद
  • 3 मोटरसाइकिल
  • 52-52 पत्ती ताश के सेट

जब्त किए। सभी सामान की कुल कीमत ₹1,13,590 बताई गई है।

6 आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना धरमजयगढ़ में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 220/2026 और 221/2026 दर्ज किया है। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, भोकला राम भगत, आरक्षक ललित राठिया, जितेंद्र भगत और बीरबल टोप्पो शामिल रहे।

एसएसपी ने दिया सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button