रायगढ़: जम्मू तक पहुंची CG पुलिस, लेकिन नाबालिग के लौटते ही बदला पूरा खेल… घर पर दबिश देकर आरोपी को दबोचा

रायगढ़: रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बालिका की लोकेशन जम्मू में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई थी, लेकिन इसी बीच पुलिस को ऐसी सूचना मिली, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी। बालिका और उसके साथ गया संदेही युवक जम्मू से वापस सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में लौट आए थे।
सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और बिलाईगढ़ स्थित संदेही युवक के घर पर दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
18 फरवरी को घर से लापता हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय बालिका 18 फरवरी 2026 को अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 22 फरवरी को थाना पुसौर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ से जम्मू तक पहुंची पुलिस की जांच
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग के परिजनों और उसकी सहेलियों से पूछताछ की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि बालिका एक संदेही युवक के साथ जम्मू में हो सकती है।
इसके बाद एसआई कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम जम्मू के लिए रवाना की गई और वहां बालिका की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना ने बदल दिया पूरा ऑपरेशन
पुलिस टीम जम्मू में बालिका की तलाश कर ही रही थी कि इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका और संदेही युवक जम्मू से वापस सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में लौट आए हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम और बालिका के परिजन सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना हुए। इसके बाद बिलाईगढ़ में संदेही युवक के ठिकाने पर दबिश दी गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सकुशल दस्तयाब कर अपने संरक्षण में लिया और आरोपी व बालिका को थाना पुसौर लाया गया।
महिला पुलिस अधिकारी के सामने दर्ज हुआ बयान
पुलिस के अनुसार, नाबालिग का बयान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष कराया गया। बालिका ने बताया कि आरोपी युवक उसे शादी का प्रलोभन देकर जम्मू ले गया था, जहां दोनों मजदूरी करते थे।
बालिका के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर उसका शारीरिक शोषण किए जाने की बात सामने आने के बाद मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(एम) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।
22 साल के आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी आयुष केंवट को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नाबालिग की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने दिया सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और उनकी सकुशल वापसी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गुमशुदगी की प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है तथा बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने और नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
