छत्तीसगढ़

ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! मास्टर पैनल ऑपरेटर गिरफ्तार, लाखों के ट्रांजैक्शन की जांच से खुल सकते हैं और राज

रायपुर में बेटिंग सिंडिकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, “ऑल पैनल 777” समेत कई साइट्स का संचालन करने वाला आरोपी हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने बेटिंग साइट का पैनल और लिंक बेचने के आरोप में रामसागरपारा निवासी लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को इस पूरे सिंडिकेट का मास्टर पैनल ऑपरेटर बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से कई जिलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चला रहा था और “ऑल पैनल 777” सहित कई बेटिंग वेबसाइट्स के जरिए अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। फिलहाल उसके मोबाइल फोन और बैंक खातों की गहन जांच की जा रही है, जिससे बड़े वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क के अन्य सदस्यों का खुलासा हो सकता है।

मामले की शुरुआत तब हुई जब कबीरनगर पुलिस ने कोटा क्षेत्र से आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से चार स्मार्टफोन और करीब 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लोकेश अग्रवाल से ऑनलाइन आईडी और पैनल लेकर काम कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने पकड़ लिया है।

एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने बताया कि लोकेश अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद पूरे ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का नेटवर्क उजागर हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क रायपुर सहित आसपास के कई जिलों में फैला हुआ था और हर दिन लाखों रुपये का अवैध लेन-देन होता था।

पुलिस अब संदिग्ध बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में और भी कई लोग सामने आ सकते हैं, जो इस अवैध कारोबार में शामिल रहे हैं।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button