
गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। हाटीगांव के बसिष्ठपुर बाइलेन में 25 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो अंदर का मंजर देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।
मृतका की पहचान नूनमती निवासी रिया तालुकदार के रूप में हुई है। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि रिया की हत्या उसके पति रामानुजन गोस्वामी ने की है। रामानुजन का पैतृक घर गौरीपुर में बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पति से हुआ था विवाद, रात में घर से निकला
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार को रिया और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद रामानुजन रात करीब 8 बजे घर से निकल गया था। इसके बाद घर में क्या हुआ, इसकी कड़ियां जोड़ने में पुलिस जुटी हुई है।
रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। बताया गया है कि उसके माता-पिता नहीं थे और परिवार में उसका केवल एक भाई है।
पड़ोसियों को आई तेज दुर्गंध, फिर खुला हत्या का राज
मंगलवार को आसपास रहने वाले लोगों को घर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक बढ़ने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान महिला की हत्या की भयावह जानकारी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई थी। आरोप है कि हत्या के बाद उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया गया और उसे काले पॉलीथीन बैग में रखकर फ्रिज के अंदर छिपा दिया गया। महिला की उंगलियां काटे जाने की बात भी शुरुआती जांच में सामने आई है।
24 से 48 घंटे पहले हत्या का अनुमान
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि महिला की हत्या शव बरामद होने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई होगी। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पति की भूमिका समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलेंगे अहम सुराग
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया गया है। पुलिस संदिग्ध पति की तलाश के साथ-साथ घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद हत्या के कारण और वारदात से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।

