छत्तीसगढ़

रामनामी समाज का आमंत्रण: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे नंदेली मेले के मुख्य अतिथि

रामनाम की भक्ति से गूंजेगा सक्ती, हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित उनके सचिवालय में अखिल भारतीय रामनामी महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी रामनामी मेला एवं संत समागम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। यह भव्य आयोजन 29 दिसंबर 2025 को सक्ती जिले के ग्राम नंदेली में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महासभा के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “रामनामी परंपरा छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। इस समाज ने सदैव भक्ति, समानता और अहिंसा के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाया है।”


छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को मिलेगा संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नंदेली में आयोजित होने वाले मेले और संत समागम की सफलता के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, मेलों और त्यौहारों को राज्य की गौरवशाली धरोहर के रूप में संरक्षित किया जाएगा।”


भक्ति, समानता और एकता का संदेश

अखिल भारतीय रामनामी महासभा की अध्यक्ष सेत बाई रामनामी, महासचिव गुला राम रामनामी और समाज के कई वरिष्ठ सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि नंदेली में होने वाला मेला और संत समागम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, समानता और सद्भाव का संदेश देने वाला अवसर है।

इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालु और संतजन शामिल होंगे, जो रामनाम की भक्ति में एकत्र होकर छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक एकता को साकार करेंगे।

Related Articles

Back to top button