छत्तीसगढ़

घर के अंदर चल रहा था सट्टे का अड्डा! महिला बना रही थी दांव की पर्ची, पुलिस रेड में खुला राज

रायगढ़ में गुपचुप चल रहा ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टा नेटवर्क बेनकाब, 37,500 नकद जब्त

रायगढ़। जिले में सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रहे पुलिस के विशेष अभियान के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बाहर से सामान्य दिखने वाले एक घर के अंदर सट्टे का पूरा खेल चल रहा था। पुलिस की अचानक रेड ने इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जूटमिल थाना पुलिस लगातार सट्टा-पट्टी लिखने वालों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम अमलीभौना इंदिरा आवास में दबिश दी।

रेड के दौरान पुलिस ने घर के भीतर सट्टा पट्टी लिखते हुए रूपा लहरे (38 वर्ष), पति राजू लहरे को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह 5 प्रतिशत कमीशन पर कागज पर सट्टा लिखती थी और मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर ऑनलाइन रुपये-पैसों का दांव भी लगवाती थी।

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से

  • सट्टा पट्टी लिखा कागज

  • रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल

  • सट्टा में प्रयुक्त 37,500 रुपये नकद

  • एक चालू डॉट पेन
    जब्त किया है।

आरोपी महिला के खिलाफ थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 36/2025, धारा 06(ए), 7 छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर के साथ प्रधान आरक्षक क्लोस्टिका खरे, शिव वर्मा तथा आरक्षक धनेश्वर उरांव, शशिभूषण साहू और जितेश्वर चौहान की अहम भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और अब बड़े सटोरियों के भूमिगत होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related Articles

Back to top button