क्राइमछत्तीसगढ़

सिर मुंडाकर जूते की माला पहनाई, पत्नी संग घुमाया गांव में—चोरी के शक में युवक को दी गई खौफनाक सजा, वीडियो सामने आते ही पुलिस का बड़ा एक्शन

सूरजपुर के पस्ता गांव में इंसानियत हुई शर्मसार, 9 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जुलूस निकालकर दिया सख्त संदेश


सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। चोरी के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने ऐसी सजा दी, जिसे देखकर हर कोई सिहर उठा। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी युवक रहमान ताज को पस्ता गांव बुलाया गया था। वहां उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने न सिर्फ उसका आधा सिर मुंडवा दिया, बल्कि उसे जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान उसकी पत्नी को भी साथ में घुमाया गया और दोनों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।

घटना यहीं नहीं रुकी। बताया जा रहा है कि भीड़ ने पति-पत्नी के साथ मारपीट भी की। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। युवक के पिता की शिकायत पर रामानुजनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर साफ संदेश दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस तरह की बर्बर घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पीड़ित युवक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को झूठे आरोपों के आधार पर सजा दी गई, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। दूसरी ओर, पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक पर चोरी की नीयत से गांव आने का शक था। ग्रामीणों का कहना है कि उसे पहले भी गांव में संदिग्ध हालत में देखा गया था, लेकिन वह भाग गया था। अगले दिन जब वह अपने परिजनों के साथ वापस लौटा, तब यह घटना घटित हुई।

इधर, सरपंच पति ने सफाई देते हुए कहा कि ग्रामीणों में काफी गुस्सा था और उसी के चलते यह घटना हुई। हालांकि, अब इस पूरे मामले ने कानून व्यवस्था और सामाजिक सोच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Related Articles

Back to top button