CGPSC घोटाले में बड़ा एक्शन! महिला अधिकारी के घर ED की दबिश, सुबह 6 बजे शुरू हुई छापेमारी से मचा हड़कंप
रायपुर से भिलाई तक एक साथ कार्रवाई, दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की खंगाली जा रही परतें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC भर्ती घोटाले में एक बार फिर जांच एजेंसियों ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार सुबह रायपुर और भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ताबड़तोड़ कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई। इस कार्रवाई के तहत पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के रायपुर स्थित निवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ED की टीम सुबह से अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी हुई है। वहीं भिलाई के सेक्टर-10 स्थित पूर्व CGPSC सचिव जीवन किशोर ध्रुव (जेके ध्रुव) के निवास पर भी छापेमारी की कार्रवाई जारी है। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय की टीम चार सफेद रंग की इनोवा वाहनों में सुबह करीब 6 बजे भिलाई पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने सेक्टर-10, स्ट्रीट नंबर-44 स्थित जेके ध्रुव के निवास पर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल हैं।
जांच के दौरान टीम घर में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा कई दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाले जाने की जानकारी सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई CGPSC भर्ती घोटाले से जुड़े आर्थिक पहलुओं की जांच के तहत की जा रही है। इससे पहले इसी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) भी जीवन किशोर ध्रुव के ठिकानों पर कार्रवाई कर चुकी है। अब ED कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं के एंगल से मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच एजेंसियों की ओर से आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि इस कार्रवाई को CGPSC भर्ती घोटाले की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



