छत्तीसगढ़

प्राचार्य को हटाने सड़क पर उतरे छात्र… चक्काजाम से मचा हड़कंप, ‘टीसी काटने की धमकी’ के आरोप से गरमाया मामला

डौंडीलोहारा शासकीय महाविद्यालय में मूलभूत समस्याओं को लेकर विद्यार्थियों का प्रदर्शन; छात्रों ने प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग की, एबीवीपी ने भी आंदोलन को दिया समर्थन।

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के शासकीय महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत सुविधाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश बुधवार को सड़क पर उतर आया। कॉलेज की समस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग की और दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर करीब 10 मिनट तक चक्काजाम किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को सड़क से हटाया। इसके बाद छात्र-छात्राएं कॉलेज के सामने ही धरने पर बैठ गए। फिलहाल प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात है।

‘समस्या बताने पर टीसी काटने की धमकी’

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में मौजूद मूलभूत समस्याओं को लेकर जब वे प्राचार्य को जानकारी देते हैं तो उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है।

विद्यार्थियों के मुताबिक, उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन और कलेक्टर से भी शिकायत की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

पुलिस और प्रशासन मौके पर, बातचीत से समाधान की कोशिश

छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

अधिकारी प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि छात्र-छात्राएं फिलहाल अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

एबीवीपी ने भी आंदोलन को दिया समर्थन

विद्यार्थियों के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का भी समर्थन मिला है। संगठन के कार्यकर्ता छात्रों के साथ धरने में शामिल हुए और कॉलेज की समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की।

छात्रों की प्रमुख मांगों में कॉलेज की मूलभूत समस्याओं का समाधान और प्राचार्य रोशन आरा को हटाना शामिल है।

प्राचार्य ने कलेक्टर पर लगाया मुलाकात नहीं करने का आरोप

वहीं, मामले में प्राचार्य डॉ. रोशन आरा का भी पक्ष सामने आया है। उन्होंने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा पर मुलाकात नहीं करने का आरोप लगाया।

प्राचार्य के मुताबिक, वह कलेक्टर से मुलाकात करने पहुंची थीं, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। उनका कहना है कि इसी वजह से कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।

फिलहाल कॉलेज के सामने विद्यार्थियों का धरना जारी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और तेज होता है।

 

Related Articles

Back to top button