मनेन्द्रगढ़ में लव मैरिज से ऐसी नफरत: मौत के बाद भी नहीं देखें बेटे का मुंह, कंधा देने तक नहीं पहुंचे परिजन, पुलिसवालों ने कराया अंतिम संस्कार
रायपुर। राजधानी से 285 किलोमीटर दूर मनेन्द्रगढ़ से दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। प्रेम विवाह से परिजन इस कदर नाराज हुए कि शादी के कई सालों बाद भी परिवार ने बेटी को अपने से दूर रखा… बेटी से नफरत इतनी कि दामाद की मौत के बाद भी कंधा देने तक नहीं पहुंचे। इस घटना ने पुलिस को मदद करने के लिए मजबूर कर दिया, लेकिन न महिला के परिजन मदद के लिए सामने आए और न ही मृतक के परिवार से कोई सदस्य सामने आया। मनेन्द्रगढ़ कोतवाली प्रभारी ने पुलिसकर्मियों के साथ मृतक का अंतिम संस्कार उसके 2 साल के बच्चे और पत्नी की मौजूदगी में किया।
दरअसल, कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा अमलीबहरा निवासी सविता सिंह का विवाह मध्यप्रदेश ग्वालियर के निक्की वाल्मीकि से हुआ था। शादी के बाद से ही सविता अपने पति के साथ रह रही थी। प्रेम विवाह से दोनों के परिवार वाले नाराज थे। इसी वजह से सविता और निक्की अलग रहकर हंसी खुशी से जीवन बसर कर रहे थे। दोनों का एक दो साल का बच्चा भी है। मंगलवार को निक्की की मौत हो गई। मौत के बाद सविता ने अपने माता पिता और सास ससुर से संपर्क भी किया, लेकिन किसी ने भी सामने आकर मदद नहीं की। सविता के पास अंतिम संस्कार के लिए पैसे भी नहीं थे।