सूरजपुर पुलिस ने पकड़ा बाइक चोरी का बड़ा गैंग
5 आरोपी धराए, 7 लाख की मोटरसाइकिल बरामद, 3 नाबालिग भी शामिल

सूरजपुर। जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना विश्रामपुर पुलिस ने तगड़ी दबिश देकर 5 चोरों को पकड़ा है, जिनमें 3 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोपियों से 5 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी गई है।
ऐसे हुआ खुलासा
25 सितंबर की रात गुरुद्वारा कॉलोनी विश्रामपुर निवासी चंद्रमणी की पल्सर आरएस 200 बाइक (CG 15 DY 8287) घर की बाउंड्री से चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और टीम ने पुराने चोरों पर निगरानी कड़ी कर दी।
दबिश में गिरे बाइक चोर
जांच के दौरान सूचना मिली कि पहले से चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका आकाश देवांगन अपने साथियों के साथ स्पोर्ट्स बाइक पर सूरजपुर में घूम रहा है। पुलिस ने दबिश देकर आकाश देवांगन, भूपेंद्र सिंह और 3 नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की वारदातें कबूल कीं।
बरामद हुई बाइकें
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 बाइक बरामद कीं –
-
1 पल्सर आरएस 200
-
3 पल्सर एनएस 160
-
1 हीरो स्प्लेंडर
इनकी कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने कबूला कि वे सूरजपुर, अंबिकापुर, लखनपुर, ओड़गी और भैयाथान सहित कई जगहों से बाइक चुराकर सस्ते दामों में बेचते थे।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आकाश देवांगन और भूपेंद्र सिंह के खिलाफ पहले भी कई थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। इनमें सूरजपुर, झिलमिली, पटना, बैकुंठपुर कोतवाली, मणिपुर, गांधीनगर और दरिमा थाने शामिल हैं। दोनों आरोपियों को इस बार फिर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि 3 नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष भेजा गया।
पुलिस टीम की भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, एएसआई विशाल मिश्रा, अविनाश सिंह, गुड्डू कुशवाहा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, जयप्रकाश तिवारी, निर्मल सिंह, आरक्षक अखिलेश पांडेय, अजय प्रताप राव, रामकुमार नायक, राजूरंजन सोनी, खेलसाय राजवाड़े, कुंदन सिंह, राजेश मुरारी, वाहिद हुसैन, अविनाश कुजूर, अभय पांडेय, मनोज शर्मा और महिला आरक्षक अक्षरा मंडल की अहम भूमिका रही।


