बिना नंबर प्लेट बाइक, बोरी में छिपा था लाखों का राज! चेकिंग में खुला गांजा तस्करी का बड़ा खेल
सूरजपुर पुलिस ने 8.305 किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा, ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था खेप

सूरजपुर। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक से गांजा की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 8 किलो 305 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
चेकिंग के दौरान खुला तस्करी का राज
पुलिस के अनुसार, गोटगवां में नियमित वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक को रोककर पूछताछ की। आरोपी के जवाब संदिग्ध लगने पर बाइक पर रखी सफेद बोरी की तलाशी ली गई।
तलाशी में बोरी के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा मिला, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ का वजन 8 किलो 305 ग्राम निकला, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेशचंद्र निषाद (39 वर्ष), निवासी बांदा जिला, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पूरे नेटवर्क की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


