छत्तीसगढ़

CM Vishnu Deo Sai: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, मुख्यमंत्री ने खुद किया फोन… अब एम्स रायपुर में शुरू हुआ शशिकांत का इलाज

धमतरी के शशिकांत की परेशानी का मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान, 4 लाख रुपये की स्वेच्छा अनुदान राशि स्वीकृत; विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी

धमतरी, 10 सितंबर 2026। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने धमतरी के देवपुर निवासी शशिकांत भरत की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए शशिकांत से खुद फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने शशिकांत को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही उनके उपचार के लिए 4 लाख रुपये की स्वेच्छा अनुदान राशि भी स्वीकृत की गई है।

9 सितंबर की शाम एम्स रायपुर में भर्ती

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने शशिकांत के आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श कराया। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए 9 सितंबर की शाम रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया।

एम्स में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू हो गया है। जिला प्रशासन भी इलाज से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं और समन्वय में सहयोग कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने फोन कर खुद जाना हालचाल

शशिकांत से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री की इस पहल पर शशिकांत भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे उनके लिए मुख्यमंत्री का खुद फोन करना और इलाज की व्यवस्था कराने की पहल बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि एम्स में उपचार की व्यवस्था और 4 लाख रुपये की सहायता से उन्हें और उनके परिवार को नई उम्मीद मिली है।

2016 में सड़क हादसे के बाद बदली जिंदगी

शशिकांत वर्ष 2016 में भटगांव आईटीआई में अध्ययनरत थे। इसी दौरान दुगली के पास एक सड़क दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा और तब से वे लंबे समय से उपचार करा रहे हैं। परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार अलग-अलग जगहों पर उनका इलाज कराया, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानी पूरी तरह दूर नहीं हो सकी।

परिवार के लिए राहत और नई उम्मीद

मुख्यमंत्री की पहल के बाद शशिकांत का एम्स रायपुर में इलाज शुरू होना उनके परिवार के लिए राहत और उम्मीद की बड़ी वजह बन गया है।

जिला प्रशासन की ओर से भी उनके इलाज के संबंध में जरूरी सहयोग और समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

सोशल मीडिया से सामने आई पीड़ा, सरकार ने लिया संज्ञान

इस पूरे मामले में खास बात यह रही कि सोशल मीडिया के जरिए सामने आई एक जरूरतमंद नागरिक की परेशानी पर मुख्यमंत्री ने सीधे संज्ञान लिया और खुद उससे संवाद किया।

शशिकांत के इलाज के लिए सहायता स्वीकृत करने और एम्स में उपचार की व्यवस्था कराने की यह पहल संवेदनशील शासन और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी मदद पहुंचाने के उदाहरण के तौर पर सामने आई है।

Related Articles

Back to top button