VIP काफिले की रफ्तार बनी काल… एक टक्कर और उजड़ गए दो घर, CCTV में कैद हुई खौफनाक मौत
लेट हो रही फॉलो गाड़ी ने दिखाई ऐसी जल्दबाजी, बाइक सवार युवकों को रौंदते हुए मचाया मौत का तांडव

बस्तर के जगदलपुर से सामने आया यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि वीआईपी मूवमेंट की जल्दबाजी और लापरवाही की भयावह सच्चाई को उजागर करता है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुई इस घटना ने दो परिवारों की दुनिया हमेशा के लिए उजाड़ दी। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री के काफिले की एक फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रही थी और काफिले को कवर करने की जल्दबाजी में उसने रफ्तार की सारी हदें पार कर दीं।
जानकारी के मुताबिक फॉलो गाड़ी काफिले से पीछे छूट गई थी, जिसे पकड़ने के लिए चालक ने तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाना शुरू कर दिया। इसी दौरान बस्तर थाना क्षेत्र के बालेंगा पेट्रोल पंप के पास एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक उछलकर सड़क पर गिरने के बाद सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया।
घटना का पूरा मंजर पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसमें गाड़ी की रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ नजर आ रही है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। कुछ ही सेकंड में सब कुछ खत्म हो गया और पीछे रह गई सिर्फ चीख-पुकार और मातम।
इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वीआईपी मूवमेंट के नाम पर आम लोगों की जान को खतरे में डालना जायज है। रफ्तार की इस लापरवाही ने न सिर्फ दो युवकों की जिंदगी छीन ली, बल्कि यह भी दिखा दिया कि एक छोटी सी जल्दबाजी कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।


