
महासमुंद। जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांजा तस्करी कर रहे आरोपी को पैसे लेकर छोड़ने के आरोप में पटेवा थाना में पदस्थ चार आरक्षकों को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है।
पूरा मामला तब उजागर हुआ जब गांजा तस्करी के आरोपी भीखम चंद्रवंशी को कवर्धा पुलिस ने 500-500 रुपये के 15 नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह उड़ीसा से गांजा और नकली नोट लाकर महासमुंद जिले के रास्ते से अवैध कारोबार करता था और इस दौरान उसे पुलिस का संरक्षण भी मिला हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी को पहले पटेवा पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ दिया गया। जब कवर्धा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो पूरे राज़ से पर्दा उठ गया।
जांच में लापरवाही और मिलीभगत सामने आने के बाद एसपी ने सख्त कार्रवाई करते हुए पटेवा थाने में पदस्थ चार आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इस खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

