छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में ‘निर्भया’ जैसी दरिंदगी… सिंहदेव का फूटा गुस्सा, क्या अब बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं?

रेप और हत्या की वारदात से सियासत में भूचाल, पूर्व डिप्टी CM ने सरकार पर साधा निशाना—कहा, “यह सिर्फ अपराध नहीं, सिस्टम की नाकामी का खुला ऐलान”


रायपुर: अंबिकापुर में सामने आई दरिंदगी की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर सीधा हमला बोला है।

सिंहदेव ने इस घटना की तुलना दिल्ली निर्भया कांड से करते हुए कहा कि अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील इंसान की आंख शर्म से झुक गई है। उन्होंने कहा कि एक बेटी के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी निर्मम हत्या ने समाज को अंदर तक हिला दिया है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब बेटियां सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं हैं? यह घटना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था की पूरी तरह से विफलता को उजागर करती है।

पूर्व डिप्टी CM ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब शहर का सबसे व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं रह गया है, तो यह सरकार आखिर किस बात का शासन चला रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश में न तो कानून का डर बचा है और न ही व्यवस्था की कोई पकड़ नजर आती है। अपराधी खुलेआम दरिंदगी कर रहे हैं और सत्ता सिर्फ मूकदर्शक बनी हुई है।

सिंहदेव ने कहा कि इस दर्द को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है, लेकिन यह भी तय है कि इस घटना को न भुलाया जाएगा और न ही दबाया जाएगा। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और सख्त से सख्त सजा देने की बात कही।

उन्होंने साफ कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड ही एकमात्र सजा होनी चाहिए, ताकि यह एक मिसाल बन सके और भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी दरिंदगी करने से पहले सौ बार सोचे।

यह घटना अब सिर्फ एक शहर का मामला नहीं रह गई है, बल्कि हर बेटी की सुरक्षा और न्याय की लड़ाई बन चुकी है।

Related Articles

Back to top button