छत्तीसगढ़

डैम किनारे जंगल में मिली युवती की अर्धनग्न लाश, चेहरा पत्थर से कुचला… रायगढ़ में सनसनी

जंगल में औंधे मुंह पड़ी थी युवती की डेडबॉडी, कपड़े बिखरे मिले, पुलिस हत्या और पहचान छिपाने की आशंका में जुटी जांच में

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डैम किनारे जंगल में एक युवती की अर्धनग्न हालत में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सबसे खौफनाक बात यह रही कि युवती का चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचला हुआ मिला, जिससे पुलिस हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका जता रही है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम तुमीडीह डैम के पास जंगल की ओर गए कुछ लोगों की नजर जमीन पर पड़े एक शव पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर लोगों के होश उड़ गए। युवती की डेडबॉडी औंधे मुंह पड़ी थी और आसपास उसके कपड़े बिखरे हुए थे। घटना की खबर मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती जांच में मामला बेहद संदिग्ध और क्रूर हत्या का लग रहा है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को युवती के गले और गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। वहीं चेहरा पत्थर से कुचले जाने के कारण पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपी ने पहचान मिटाने की कोशिश की है।

आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन देर रात तक युवती की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस हत्या के हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में लगे CCTV, मोबाइल लोकेशन और आसपास की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button