छत्तीसगढ़
कार में बैठाकर ले गए… फिर अधमरा होने तक पीटा! कांग्रेस नेत्री के पति पर जानलेवा हमला, बिलासपुर में सनसनी
पुरानी रंजिश में अपहरण कर की बेरहमी से मारपीट, सिर और आंख पर गंभीर वार के बाद सड़क किनारे छोड़ भागे आरोपी


बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में कांग्रेस की पूर्व पार्षद के पति पर हुए जानलेवा हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उन्हें बहाने से कार में बैठाया, फिर अपहरण कर बेरहमी से पीटा और अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायल की पहचान रोशन लाल पाटले के रूप में हुई है, जो गणेश नगर चुचुहियापारा वार्ड क्रमांक 46 की पूर्व पार्षद के पति हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर यू मुरली राव और विष्णु तिवारी नाम के दो आरोपियों ने रोशन लाल पाटले को घूमने के बहाने अपने साथ कार में बैठाया। जैसे ही वह उनके साथ गए, माहौल अचानक बदल गया।
आरोप है कि कार में ही गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर दोनों आरोपियों ने लात-मुक्कों से हमला करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, लोहे के कड़े से भी उनके सिर और आंख पर वार किए गए। हमले में रोशन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाश उन्हें अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। बाद में घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की लोकेशन और पूरी वारदात का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिस तरह दिनदहाड़े अपहरण कर हमला किया गया, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ पुरानी रंजिश का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश छिपी हुई है? क्योंकि जिस क्रूरता से हमला किया गया, उसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है।