छत्तीसगढ़

नाइट ड्यूटी पर निकलने से पहले मौत ने रोका रास्ता! तेज रफ्तार हाईवा ने BSP कर्मी को 50 फीट तक घसीटा

भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा, ठेका कर्मी की मौके पर मौत; दो साथी गंभीर घायल, चालक वाहन छोड़कर फरार

दुर्ग। भिलाई में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार श्याम राव को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

नाइट ड्यूटी पर जा रहे थे श्याम राव

जानकारी के अनुसार, श्याम राव भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत थे। सोमवार रात वह मरोदा स्थित अपने ससुराल से दो अन्य लोगों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर खुर्शीपार स्थित घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वहां से उन्हें नाइट ड्यूटी के लिए जाना था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

पीछे से मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत

हादसा भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम राव वाहन के नीचे फंस गए और काफी दूर तक घसीटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो घायल, चालक फरार

हादसे में बाइक पर सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दोनों का इलाज जारी है।

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी चालक की तलाश जारी

भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

 

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button