छत्तीसगढ़

हिंसा मामला : विधायक यादव के बलौदाबाजार आने की संभावना पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, इधर MLA देवेंद्र ने हाईकोर्ट में लगाई याचिका, कहा – CBI जांच की जगह निर्दोषों पर कार्रवाई कर रही सरकार

बलौदाबाजार. बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. आज विधायक देवेंद्र यादव के बलौदाबाजार आने की संभावना को देखते हुए पुलिस सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम कर रही है. कोतवाली थाना क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है. वहीं विधायक देवेंद्र यादव पुलिस की पूछताछ में आज शामिल नहीं हो रहे. उन्होंने बिलासपुर हाईकोर्ट में पिटीशन दायर किया है.

पिटीशन को लेकर देवेंद्र यादव ने कहा, सरकार सीबीआई जांच की जगह निर्दोष के ऊपर कार्रवाई कर रही है. उच्च न्यायालय से हमने सही जांच की मांग की है. नोटिस में इस बात का उल्लेख नहीं है कि किस कारण मुझे बुलाया गया है. न्यायालय का जैसा निर्णय रहेगा उसका पालन करेंगे.

जानिए पूरा मामला

बता दें, 15 और 16 मई की दरमियानी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने गिरौधपुरी धाम में सतनामी समाज के धार्मिक स्थल के पूज्य जैतखाम में तोड़फोड़ की थी. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस की इस कार्रवाई से समाज के लोग असंतुष्ट थे और न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे. इस बीच गृहमंत्री विजय शर्मा ने न्यायिक जांच की घोषणा की. वहीं 10 जून को जैतखाम में तोड़फोड़ के विरोध में हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास एकत्र हुए और जमकर हंगामा किया. जहां प्रदर्शन हिंसक हो गया. इसके बाद उपद्रवियों ने तांडव मचाते हुए कलेक्टर और एसपी कार्यालय को आग के हवाले कर दिया. समाज के इस प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव भी शामिल हुए थे. इस मामले में अब तक 156 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button