‘ऑपरेशन आघात’ से कांपे शराब तस्कर! रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 7 आरोपी गिरफ्तार
एक ही दिन में 69.66 लीटर अवैध महुआ, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त, कई इलाकों में एक साथ चली कार्रवाई

रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत 18 जुलाई 2026 को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 69.66 लीटर अवैध महुआ, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना साइबर, घरघोड़ा, पुसौर, पूंजीपथरा और चौकी खरसिया की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
सबसे बड़ी कार्रवाई ग्राम रायकेरा में हुई, जहां थाना साइबर और घरघोड़ा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रूपेश बेहरा (36) के घर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब, 7 पाव अंग्रेजी शराब और 12 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 28.420 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 7,410 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 210 रुपये नकद भी जब्त किए।
वहीं पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली (सूपा) में दो अलग-अलग कार्रवाई में किशन भारती (26) और राकेश भारती (27) के कब्जे से 7-7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
खरसिया पुलिस ने ग्राम तेलीकोट-बरभाठा रोड पर छापेमारी कर हरवंश टंडन (56) के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 10 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की।
इधर पूंजीपथरा थाना पुलिस ने ग्राम पाकादरहा, बिलासखार और तराईमाल स्थित फौजी ढाबा में अलग-अलग कार्रवाई की। यहां उमेश कुमार खाण्डे (25) से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब, उत्तम राठिया (22) से 12 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब तथा प्रेम सिंह (40) के कब्जे से 20 नग (180 एमएल) गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की, कुल 3.240 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

