बड़ी साजिश नाकाम: गुजरात तट के पास पकड़ाई 480 करोड़ की ड्रग्स, 6 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

पोरबंदर। गुजरात एटीएस, भारतीय तटरक्षक बल और एनसीबी ने एक संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ छह पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक गिरफ्तार पाकिस्तानियों के पास से बरामद ड्रग्स की कीमत 480 करोड़ रुपये आंकि गई है. बता दें कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक गुजरात एटीएस, भारतीय तटरक्षक बल और एनसीबी ने मिलकर 3,135 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की है.
मंत्रालय के मुताबिक, एजेंसियों से विशिष्ट खुफिया जानकारी मिलने पर भारतीय तट रक्षक ने 11 मार्च को ही अपने जहाजों को अरब सागर में तैनात कर दिया था. आईसीजी ने अपने डोर्नियर विमान को संभावित क्षेत्रों में नाव की पहचान करने और उसका पता लगाने का काम भी सौंपा था. इलाके में गहन तलाशी के बाद एनसीबी और गुजरात एटीएस की टीम के साथ आईसीजी के जहाज मौके पर पहुंचे और अंधेरे में संदिग्ध रूप से जा रही नाव की पहचान की.
नाव से 480 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
मंत्रालय ने बताया कि आईसीजी जहाजों द्वारा चेतावनी दिए जाने पर नाव ने यहां से वहां भागना शुरू कर दिया, जिसके बाद आईसीजी जहाजों ने उसका पीछा किया और उसे रुकने के लिए मजबूर किया. मंत्रालय ने बयान में बताया, ”यह एक पाकिस्तानी नाव थी, जिसपर चालक दल के छह सदस्य मौजूद थे. नाव की जांच करने पर लगभग 480 करोड़ रुपये मूल्य के करीब 80 किलोग्राम मादक पदार्थों का पता चला.” एटीएस के पुलिस अधीक्षक सुनील जोशी ने बताया कि मादक पदार्थ के लगभग 60 पैकेट जब्त किए गए है. वहीं नाव को चालक दल सहित आगे की जांच के लिए पोरबंदर लाया जा रहा है.
26 फरवरी को भी मिली थी 3300 किलो ड्रग्स
गौरतलब है कि अरब सागर में एक महीने के भीतर एजेंसियों द्वारा चलाया गया यह दूसरा बड़ा मादक पदार्थ रोधी अभियान है. इससे पहले 26 फरवरी को पोरबंदर तट से पांच विदेशी नागरिकों को चरस सहित 3,300 किलोग्राम मादक पदार्थों के साथ पकड़ा गया था.


