देश

जम्‍मू कश्‍मीर: पड़ोसी गांवों के 2 फौजी बेटे बिजेंद्र सिंह व अजय सिंह एक साथ वतन पर मर मिटे

Jhunjhunu Shaheed: पड़ोसी गांवों के 2 फौजी बेटे बिजेंद्र सिंह व अजय सिंह एक साथ वतन पर मर मिटे

Shaheed Bijendra Singh Daurata Jhunjhunu: जम्‍मू कश्‍मीर के डोडा जिले के डेसा में 15 जुलाई 2024 को आतंकी हमले में राजस्‍थान के दो बेटे एक साथ शहीद हो गए। दोनों के गांव महज 18 किलोमीटर के फासले पर हैं।

डोडा आतंकी हमले में भारतीय सेना के एक कैप्‍टन समेत चार जवान शहीद हुए हैं। शहीद बिजेंद्र सिंह दौराता राजस्‍थान झुंझुनूं के गांव डूमोली खुर्द की ढाणी खुबा के रहने वाले थे। जबकि दूसरे शहीद अजय सिंह नरूका भी झुंझुनूं जिले से ही थे। वे बुहाना तहसील के गांव भैसावता कलां के रहने वाले थे। झुंझुनूं के दोनों शहीद बेटों का बुधवार को अंतिम संस्‍कार किया जाएगा

शहीद बिजेंद्र सिंह दौराता के बेटे हैं। बड़ा बेटा चार साल और दूसरा एक साल का है। इनकी शादी साल 2019 में अंकिता के साथ हुई थी। शादी से एक साल पहले साल 2018 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे।

शहीद बिजेंद्र सिंह का परिवार

शहीद अजय सिंह नरुका की तरह बिजेंद्र सिंह दौराता का परिवार भी फौजियों वाला है। बिजेंद्र सिंह का छोटा भाई दशरथ सिंह भी भारतीय सेना में हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में हैं।

मीडिया से बातचीत में परिजनों ने बताया कि बिजेंद्र सिंह इसी साल फरवरी में एक माह की छुट्‌टी पर घर आए थे। पांच दिन पहले फिर से घर आने वाले थे, लेकिन आतंकी घटनाओं के चलते छुट्‌टी कैंसिल हो गई थी।

भारतीय सेना के अधिकारियों का कॉल छोटे भाई दशरथ सिंह के पास आया था। उन्‍हें बड़े भाई के शहीद होने की जानकारी दी और तुरंत दशरथ सिंह को छुट्‌टी देकर लखनऊ से गांव के लिए भेज दिया गया है।

शहीद अजय‍ सिंह नरूका

अजय सिंह नरूका दो माह पहले ही छुट्‌टी पर घर आए थे। कुछ दिन रहकर ड्यूटी पर वापस लौट गए थे। अब 18 जुलाई को छुट्‌टी लेकर फिर गांव आने वाले थे, मगर 3 दिन पहले ही शहीद हो गए और अब 17 जुलाई को तिरंगे में लिपटी उनकी पार्थिव देह आएगी।

खबर है कि शहीद अजय सिंह नरूका की पार्थिव देह बुधवार सुबह सवा नौ बजे झुंझुनूं जिले के सिंघाना कस्‍बे में पहुंचेगी। यहां से तिरंगा यात्रा के साथ शहीद के घर तक जाएगी। फिर गांव में ही राजकीय सम्‍मान से अंतिम संस्‍कार किया जाएगा।

शहीद अजय सिंह नरूका का परिवार

अजय सिंह नरूका का जिला झुंझुनूं ही नहीं बल्कि परिवार भी फौजियों वाला है। शहीद अजय सिंह के पिता कमल सिंह नरूका भी भारतीय सेना में हवलदार पद पर सेवाएं दे चुके हैं।

झुंझुनूं शहीद अजय सिंह नरूका के चाचा कायम सिंह भी भारतीय सेना की 23 राजपूत रेजिमेंट में सिक्किम में तैनात हैं। उन्हें 2022 में सेना मेडल से नवाजा गया था। पिता कमल सिंह साल 2015 में सेना से रिटायर हुए हैं।

सुलोचना देवी के बेटे अजय सिंह नरूका की शादी 21 नवंबर 2021 को शालू कंवर (24) से हुई। अजय सिंह का छोटा भाई करणवीर सिंह (24) बठिंडा (पंजाब) के AIMS में डॉक्टर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button