जगदलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पहले पत्नी की हत्या, फिर पति ने की आत्महत्या
दंतेश्वरी वार्ड में आपसी विवाद बना खूनी अंजाम, इलाके में फैली सनसनी

जगदलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पहले पत्नी की हत्या, फिर पति ने की आत्महत्या
दंतेश्वरी वार्ड में आपसी विवाद बना खूनी अंजाम, इलाके में फैली सनसनी
जगदलपुर। शहर के दंतेश्वरी वार्ड से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद ने एक बुजुर्ग दंपती की जान ले ली। बीती रात पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बैलाबाजार दंतेश्वरी वार्ड निवासी तारासिंह (75 वर्ष) और उनकी पत्नी विजय वीर (70 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद पहले देर रात तक चला, जिसके बाद दोनों सोने चले गए। लेकिन रात करीब 2 बजे एक बार फिर विवाद भड़क उठा।
गुस्से में आकर तारासिंह ने घर में रखे नारियल काटने वाले औजार से पत्नी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान महिला को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद तारासिंह ने भी घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह जब बेटे को घटना की जानकारी हुई तो उसने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर बोधघाट पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
