बाइक दौड़ रही थी… और टैंक पर चल रहा था इश्क! कांकेर की सड़कों पर सरेआम रोमांस का वीडियो वायरल
वैलेंटाइन वीक के बीच कपल का ऐसा कारनामा, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को चौंका भी दिया और हंसा भी दिया

कांकेर।
वैलेंटाइन वीक शुरू होते ही जहां प्रेमी-प्रेमिकाएं रोज डे, प्रपोज डे और चॉकलेट डे मना रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर तहलका मचा रहा है। इस वीडियो में प्यार का इजहार ऐसा अंदाज़ में हुआ, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और मनोरंजन भी ले रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक तेज रफ्तार पल्सर बाइक चला रहा है, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड बाइक की टंकी पर बैठकर उससे लिपटी हुई नजर आ रही है। सड़क पर दौड़ती बाइक और उस पर चल रहा सरेआम रोमांस लोगों की नजरों से छिप नहीं पाया और किसी ने इस पल को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
चलती बाइक, सड़क का खतरा और बेखौफ मोहब्बत
वीडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक न सिर्फ बाइक चला रहा है, बल्कि यातायात नियमों की परवाह किए बिना इस खतरनाक अंदाज़ में रोमांस कर रहा है। लड़की युवक के बेहद करीब बैठी दिखाई दे रही है, जिससे हादसे का खतरा साफ नजर आता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो कांकेर जिले का है, जिसकी पुष्टि बाइक की नंबर प्लेट से हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर जमकर मजेदार और तंज भरे कमेंट कर रहे हैं। कोई इसे “वैलेंटाइन वीक का साइड इफेक्ट” बता रहा है, तो कोई सड़क सुरक्षा को लेकर नाराजगी जता रहा है।
प्यार के चक्कर में नियमों से बेपरवाही?
हालांकि यह वीडियो लोगों के लिए मनोरंजन का जरिया बन गया है, लेकिन यह घटना सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की गंभीर अनदेखी को भी उजागर करती है। ऐसे स्टंट न सिर्फ खुद की जान खतरे में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई करती है या नहीं। फिलहाल, कांकेर का यह “रोमांटिक स्टंट” सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।


