छत्तीसगढ़

होटल-ढाबों में छिपा था अफीम तस्करी का ‘काला खेल’…दुर्ग पुलिस ने राजस्थान से जुड़े नेटवर्क का किया बड़ा भंडाफोड़!

छापेमारी में 304 ग्राम अफीम डोडा और 1.29 लाख कैश बरामद, राजस्थान के दो और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध अफीम की खेती और तस्करी नेटवर्क को लेकर दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने राजस्थान से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की) और 1 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और फिलहाल बेमेतरा जिले में रहकर तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे

पहले भी हो चुकी है चार आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक इस मामले में इससे पहले विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर और छोटू राम समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने इन सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें तस्करी नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आईं।

होटल और ढाबों में छिपाकर रखा जाता था डोडा

पूछताछ के दौरान आरोपी विकास बिश्नोई ने बताया कि अवैध तरीके से उगाई गई अफीम से तैयार डोडा को कुछ लोग खरीद लेते थे। इसके बाद उसे होटल और ढाबों में छिपाकर रखा जाता था और मौका मिलने पर उसकी बिक्री की जाती थी।

इसी जगह से आगे तैयार होने वाली अफीम की खरीद की भी तैयारी की जाती थी।

पुलिस ने की बड़ी छापेमारी

आरोपियों के बयान और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने 15 मार्च को बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में छापेमारी की। इस दौरान श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा को निशाना बनाया गया।

कमरे से मिला अफीम डोडा और कैश

छापेमारी के दौरान आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा, 1 लाख 29 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

वहीं दूसरे आरोपी सुनील देवासी के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने में इस्तेमाल होने वाली मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन मिला।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (करीब 50 वर्ष) राजस्थान के बालोतरा जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ी का निवासी है और फिलहाल ग्राम कठिया (बेमेतरा) में रह रहा था।

वहीं सुनील देवासी (करीब 28 वर्ष) भी उसी गांव का रहने वाला है और ग्राम कठिया में रहकर इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

फिलहाल पुलिस अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button