छत्तीसगढ़

मेले की आड़ में चल रहा था लाखों का जुए का खेल! पुलिस ने मारी दबिश, 33 जुआरी धराए, 90 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत बड़ी कार्रवाई, 5 जुआ फड़ उजड़े; लग्जरी गाड़ियां, नकदी और गैस लाइट बरामद।

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुए के 5 फड़ों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से करीब 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति और 57,140 रुपये नकद जब्त किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेलने पहुंचे एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो कार समेत कुल सात वाहनों को भी जब्त किया। इसके अलावा जुआ फड़ से 5 गैस लाइट भी बरामद की गईं।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार जुआरी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं। सभी धसकामुड़ा बस्ती के बाहरी इलाके में बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे थे।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

पांच अलग-अलग मामले दर्ज

छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button