Durg News: कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख की चोरी, CCTV में दिखा संदिग्ध बाइक सवार
दुर्ग में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार भी नजर आया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पार्टी को भुगतान करने जा रहे थे कारोबारी
पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी ‘देव एग्रो इंडस्ट्रीज’ के संचालक हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने घर से 4.90 लाख रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी गई थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देना था।
करीब 9 बजे उन्होंने अपनी कार पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने लॉक कर खड़ी की और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने मित्र रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। इसके बाद वह इंदिरा मार्केट में एक दुकान पर चाय पीने भी रुके।
फोन आया तो उड़े होश
कुछ देर बाद उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह का फोन आया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। प्रमोद जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार कैमरे में दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पहले से थी रकम की जानकारी?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। इसी वजह से उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और संदिग्ध की तलाश जारी है।


