Bilaspur में रात के बवाल के बाद बड़ा एक्शन! 16 संदिग्ध हिरासत में, 350 जवानों ने संभाला मोर्चा… चप्पे-चप्पे पर पुलिस
खपरगंज में पथराव और तोड़फोड़ के बाद पुलिस का सख्त पहरा; 9 पुलिसकर्मी घायल, टीआई के सिर में गंभीर चोट, इलाके में धारा 163 लागू

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के खपरगंज में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए पथराव और तोड़फोड़ के बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
खपरगंज के अलावा तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक में भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग कर रही है।
350 अतिरिक्त जवानों की तैनाती
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिले के स्थानीय पुलिस बल के साथ दूसरे जिलों से भी करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। संवेदनशील इलाकों में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है।
पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जरूरी काम होने पर ही आवाजाही करें। हालांकि, पुलिस की लगातार गश्त के बीच क्षेत्र में सामान्य आवाजाही जारी है।
तोड़फोड़ में 8 वाहन और दुकान को बनाया निशाना
28-29 अगस्त की रात हुई घटना में तोड़फोड़ के दौरान 8 वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया है कि उपद्रव के दौरान छह चारपहिया वाहनों के साथ ई-रिक्शा और बाइक को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा एक मकान की खिड़कियों के कांच भी पथराव में टूट गए।
खपरगंज और तालापारा से संदिग्ध हिरासत में
घटना में कथित संलिप्तता के आधार पर पुलिस ने खपरगंज और तालापारा क्षेत्र से संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे कोनी थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब घटना के पीछे शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पथराव में टीआई समेत 9 पुलिसकर्मी घायल
बवाल के दौरान हुए पथराव में तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
धारा 163 लागू, कलेक्टर-एसएसपी ने संभाला मोर्चा
एहतियात के तौर पर इलाके में धारा 163 लागू की गई है। दोनों पक्षों के खिलाफ नामजद एफआईआर भी दर्ज की गई है।
हालात पर नजर रखने के लिए कलेक्टर और एसएसपी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और घटना में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

