रायपुर में होटल बेबीलॉन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नाले पर किये गए अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त

रायपुर। रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है. आज VIP रोड स्थित होटल द्वारा नाले को डायवर्ट कर किये गए कब्जे को निगम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया. नाले में कब्जे की वजह से पानी की निकासी बाधित हो गई थी, जिसके चलते होटल के पास मौजूद विधायक कॉलोनी में पानी भर जाता था. कब्जे को हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद होटल प्रबंधन द्वारा कब्जे को नहीं हटाया जा रहा था. सीनियर अफसरों से हरी झंडी मिलते ही आज निगम का अमला बुलडोजर लेकर होटल पहुंचा और अवैध निर्माण को ढहा दिया गया.
निगम अमले के साथ होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल के कब्जे को हटाने पहुंचे जोन कमिश्नर संतोष पांडे ने बताया कि होटल के पीछे विधायक कॉलोनी का नाला है. होटल प्रबंधन ने पक्के नाले को बंद कर उसके बगल की कच्ची मिट्टी में नाला खोदकर कर डायवर्ट कर दिया गया था. अतिक्रमण वाली जगह को पाटकर उसके ऊपर करीब 4500 वर्ग फीट जगह पर स्ट्रक्चर भी बनाकर दिया गया था.
जल निकासी बाधित होने की वजा से न केवल नाला चोक हो रहा था बल्कि आसपास दल-दल बन गया है कब्जे को हटाने के लिए पहले कई बार नोटिस जारी किया गया है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी होटल ने कब्ज़ा नहीं हटाया. इसलिए अब बुलडोजर चलकर अवैध तरीके से किए गए कब्जे को ध्वस्त किया जा रहा है.
विधानसभा में भी गूंज चुका है होटल के कब्जे का मामला
बता दें कि विधायक कालोनी में पानी भरने का मामला कई बार विधानसभा में भी गूंज चुका है. विधायक समय-समय पर इस मुद्दे को कई प्लेटफॉर्मों पर उठाते रहे हैं कि बारिश में कालोनी में रहना मुश्किल हो जाता है, लेकिन सरकारी मशीनरी में कभी इस पर सुनवाई नहीं हुई. चूंकि होटल छत्तीसगढ़ के नामी होटलों में शुमार है इसलिए पहले के विधायक भी कार्रवाई करने से हिचकीचाते थे, लेकिन नई सरकार बदलने के बाद अवैध कब्जों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.



