छत्तीसगढ़

बालोद: महिलाओं से भरी पिकअप पलटी:22 घायल, 6 की हालत गंभीर, एक की उंगली कटकर सड़क पर गिरी; आरोपी ड्राइवर फरार

बालोद जिले में शनिवार सुबह महिला मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में 22 महिलाएं घायल हैं, इनमें से 6 की हालत गंभीर है। पिकअप में 22 महिलाएं सवार थीं, जो खेत में काम करने के लिए आ रही थीं। हादसे में एक महिला की उंगली कटकर सड़क पर जा गिरी। घटना लोहारा थाना क्षेत्र की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भेड़ी से नाहंदा खेत में काम करने के लिए 22 महिलाएं पिकअप में सवार होकर निकली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन बहुत तेज रफ्तार में था, जिसके कारण ड्राइवर उस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वो पलट गया। दुर्घटना डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर संबलपुर-खैरोडीह के बीच हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिलाओं को पिकअप से बाहर निकाला गया। वहीं लोहारा और देवरी थाना पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के दो आपातकालीन सेवा वाहन मौके पर पहुंचे। हादसे में सभी 22 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर है। पुलिस ने सभी घायलों को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर रूप से घायल 6 महिलाओं को राजनांदगांव रेफर कर दिया गया है। इनमें से कुछ महिलाएं भेड़ी की रहने वाली हैं और कुछ आसपास के गावों की। हादसे में कई महिलाओं के हाथ और सिर पर गंभीर चोट आई है। वहीं एक महिला की कटी हुई उंगली घटनास्थल पर पड़ी है।

पुलिस ने बताया कि महिलाओं को पीछे खुली गाड़ी में बैठाया गया था। तेज रफ्तार होने के कारण हादसा हुआ। पिकअप को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। घायल महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल आरोपी पिकअप ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

देवरी और लोहारा अस्पताल में इलाज जारी

घटना में घायल महिलाओं में से कुछ को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कुछ को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं 6 घायलों को इलाज के लिए राजनांदगांव भेजा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कई महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति देखकर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया जाएगा। आपातकालीन वाहन के साथ-साथ पुलिस के वाहन में भी महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया।

The Alarm 24
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button