Brij Bhushan Singh on Vinesh Phogat: विनेश फोगाट को लेकर बृजभूषण सिंह ने दे दिया बड़ा बयान, बोले- पार्टी चाहेगी तो रेसलर के खिलाफ करूंगा प्रचार

Brij Bhushan Singh on Vinesh Phogat: विनेश फोगाट को लेकर बृजभूषण सिंह ने दे दिया बड़ा बयान, बोले- पार्टी चाहेगी तो रेसलर के खिलाफ करूंगा प्रचार
लखनऊः ओवर वेट के कारण पेरिस ओलंपिक से बाहर हुई पहलवान विनेश फोगाट की अब सियासत में एंट्री हो गई है। जुलाना विधानसभा सीट से विनेश फोगाट चुनाव लड़ेंगी। इसे लेकर भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट को कोई भी भाजपा उम्मीदवार हरा देगा। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी इजाजत देगी तो वह फोगाट के खिलाफ प्रचार करने हरियाणा जाएंगे।
अपने आवास में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इन पहलवानों (विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया) ने कुश्ती में बहुत नाम कमाया लेकिन कांग्रेस में शामिल होने के बाद इनका नाम मिट जाएगा। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि ये लोग राजनीति को हवा समझते हैं। सच ये है कि ये हरियाणा की किसी भी सीट से चुनाव लड़ लें, भाजपा का कोई भी उम्मीदवार इन्हें हरा देगा। पूर्व सांसद ने कहा कि यदि पार्टी (भाजपा) कहेगी तो वे भी हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार करने जाएंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मुझे उनके समुदाय के लोगों भी भरपूर समर्थन मिलेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि लोकसभा चुनाव के समय हरियाणा के लोग कह रहे थे कि यदि आप यहां से चुनाव लड़ेंगे तो हम आपको जिताएंगे। लेकिन मैंने मना कर दिया। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन कांग्रेस की साजिश थी।
उन्होंने कहा कि मैंने इस बारे में पहले दिन जो कहा था, आज भी उस पर कायम हूं। आज पूरा देश यही बात कह रहा है। मुझे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेन्द्र सिंह हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मेरे खिलाफ साजिश रची। अब मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बोलूंगा। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पहलवानों को न्याय दिलाने के नाम पर कई कांग्रेस नेता उनके विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। एक के बाद एक कई पहलवानों को मोहरा बनाया गया। उन्होंने कहा कि ये सब करके कांग्रेस ने देश में कुश्ती का बड़ा नुकसान किया।


