CG बड़ी खबर: स्कूलों के सफाई कर्मी देंगे इस्तीफा, नियमितीकरण की मांग पर आंदोलन पर हैं 43301 सफाई कर्मी…
रायपुर. प्रदेशभर के स्कूलों के 43 हजार से अधिक सफाई कर्मी अपनी मांगें पूरी ना होने पर इस्तीफे की तैयारी में हैं. कई जिलों में सफाईकर्मी स्कूलों में काम बंद कर नियमितीकरण व कलेक्टर दर पर मानदेय की मांग करते हुए आंदोलन कर रहे हैं. मांगें पूरी नहीं होने पर 43 हजार से अधिक सफाईकर्मी इस्तीफा देने की तैयारी में हैं.
स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी प्रदीप वर्मा ने बताया कि प्रदेश भर के शासकीय स्कूलों में 43,301 सफाईकर्मी हैं. हमारे द्वारा लगातार 2018 से नियमितीकरण व कलेक्टर दर की मांग की जा रही है पर अब तक यह पूरी नहीं हो पाई है. वर्तमान प्रदेश सरकार ने भी विधानसभा चुनाव से पहले मांगें पूरी करने हेतु वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है. मीडिया प्रभारी ने बताया, हम लोग पिछले 12 वर्षों से काम कर रहे हैं और स्कूलों में साफ सफाई कर रहे हैं. बावजूद इसके हमें सिर्फ 2 हजार से 24 सौ तक ही मानदेय दिया जाता है, जबकि बेरोजगार को बेरोजगारी भत्ते के रूप में घर बैठे ढाई हजार रुपए भत्ता दिया जा रहा है. यह हम सफाईकर्मियों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है.
