Chandrayaan 3 Landing: इतिहास रचने से दो दिन पहले चंद्रयान-3 ने भेजीं चांद की खूबसूरत तस्वीरें
चंद्रयान-3 ने लैंडिंग से पहले लैंडर हैज़र्ड डिटेक्शन एंड अवॉइडेंस कैमरा (LHDAC) का इस्तेमाल करके इन तस्वीरों को खींचा है। ये तस्वीरें चांद की सतह के दक्षिणी ध्रुव पर उस जगह की हैं, जहां पर चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की लैंडिंग होने वाली है।
इसरो ने शेयर की तस्वीर : तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर शेयर करते हुए इसरो ने लिखा, ‘ये चांद के सुदूर क्षेत्र की तस्वीरें हैं, जिसे लैंडर के खतरा जांच और बचाव कैमरे (एलएचडीएसी) से खींचा गया है’ खास कैमरे के बारे में बताते हुए इसरो ने कहा, ‘ये कैमरा (लैंडर) नीचे उतरने के दौरान सुरक्षित लैंडिंग क्षेत्र (बिना बोल्डर या गहरे गड्ढों वाले) का पता लगाने में सहायता करता है। इसे स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, इसरो में विकसित किया गया है’
कब उतरेगा चांद पर : बता दें कि चंद्रयान 3 के 23 अगस्त को शाम करीब 6:04 बजे (भारतीय समयानुसार) चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने की उम्मीद है। रविवार की सुबह मिशन का दूसरा और अंतिम डीबूस्टिंग ऑपरेशन (रफ्तार कम करने की प्रक्रिया) सफलतापूर्वक पूरा किया गया था। चांद पर सफल लैंडिंग के बाद भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। अभी तक केवल अमेरिका, सोवियत संघ और चीन के मिशन ही चांद पर सफलतापूर्वक उतर चुके हैं। हाल ही में रूस का लूना- 25 मिशन चांद पर पहुंचने से पहले ही क्रैश हो गया है।



