अमित शाह से CM बघेल ने की ‘आदिपुरुष’ बैन करने की मांग, जय श्री राम कह वजह भी बताई….फिल्म के डायलॉग को लेकर भी बघेल ने भारी नाराजगी जताई…
साल के अंत तक छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले सूबे में सियासी गहमागहमी बढ़ गई है। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता अमित शाह गुरुवार को राज्य की राजधानी रायपुर पहुंचे। शाह दुर्ग में एक रैली को संबोधित करने वाले हैं। ऐसे में सूबे के सीएम भूपेश बघेल ने शाह का स्वागत करते हुए एक अनुरोध भी कर डाला है। बघेल ने अमित शाह से फिल्म आदिपुरुष पर बैन लगाने को कहा है। बता दें कि यह फिल्म बीते कुछ दिनों से आलोचनाओं का सामना कर रही है।
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा, ‘केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में सभी श्री राम भक्तों और प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत है। साथ ही विनम्र निवेदन करता हूं कि आज ही रामायण और प्रभु की छवि बिगाड़ने वाली फिल्म आदिपुरुष को बैन करने की घोषणा करें। जय सिया राम।’
गौरतलब है कि सीएम बघेल ने पहले भी आरोप लगाया था कि फिल्म आदिपुरुष में भगवान राम और भगवान हनुमान की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में इस फिल्म को बैन करने की बात भी कही थी। फिल्म के डायलॉग को लेकर भी बघेल ने भारी नाराजगी जताई थी। अमित शाह से अनुरोध करते हुए उन्होंने एक बार दोबारा कहा कि इस फिल्म से रामायण और प्रभु श्रीराम की छवि बिगड़ रही है।
फिल्म आदिपुरुष पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई थी। रिलीज के बाद से ही यह फिल्म सुर्खियों में बनी हुई है। डायलॉग को लेकर फिल्म को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सीएम बघेल ने अमित शाह से फिल्म पर बैन लगाने की बात कही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ पहुंचे शाह का पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव समेत कई नेताओं ने स्वागत किया। भाजपा के एक नेता ने बताया कि शाह ‘महा जनसंपर्क अभियान’ के लिए राज्य में आए हैं। अपने संबोधन में शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियों को साझा करेंगे।

