कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले मंत्री को लेकर दिल्ली पहुंचे CM यादव, गृह मंत्री से की मुलाकात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव मंगलवार को राजधानी दिल्ली पहुंचे। सीएम ने दोपहर में संसद भवन पहुंच कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान संसद भवन परिसर में सीएम डॉ.यादव के साथ मध्यप्रदेश सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह भी नजर आए।
विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रेस वार्ता करने वाली सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दिया था। इस बयान के बाद विपक्ष ने विजय शाह के इस्तीफे की मांग की थी। लेकिन मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। शाह के विवादित बयान के जांच के लिए बनी एसआईटी की टीम बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय में अपनी रिपोर्ट भी पेश करेगी।
मंत्री कुंवर विजय शाह और सीएम मोहन यादव भोपाल से एक साथ ही दिल्ली पहुंचे। इसके बाद दोनों नेता एयरपोर्ट से एक ही गाड़ी सवार होकर सीधे संसद भवन पहुंचे। यहां सीएम ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। संसद भवन परिसर में सीएम के साथ मंत्री कुंवर विजय शाह भी मौजूद रहे। इसके बाद दोनों नेता चाणक्यपुरी स्थित मध्यप्रदेश भवन पहुचे। शाम को सीएम ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। इस दौरान कुंवर विजय शाह उनके साथ मौजूद नहीं थे।
मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान पर पिछले माह 28 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए सार्वजनिक माफी नहीं मांगने पर तल्ख टिप्पणी की थी। इस दौरान कोर्ट ने मामले की जांच कर रही एसआईटी से 13 अगस्त तक रिपोर्ट पेश करने को कहा था। अब इस मामले की सुनवाई 18 अगस्त को होगी।
संसद भवन में केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात के बाद सीएम यादव ने कहा कि] गृहमंत्री अमित शाह को प्रदेश में नए आपराधिक कानून लागू करने और सहकारिता के क्षेत्र में किए गए नवाचारों से अवगत कराया है। मध्यप्रदेश सरकार का प्रयास है कि प्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश की राजधानी बने। दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रदेश की हिस्सेदारी जो अभी 9 प्रतिशत है, उसको बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। नए कानून लागू करने में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्य बन गया है। प्रदेश में चल रहे नवाचारों के माध्यम से सुशासन के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे।


