छत्तीसगढ़

पूर्व मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी से कांग्रेसियों में आक्रोश, कल सुकमा बंद का ऐलान

सुकमा. शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री, कोंटा विधायक कवासी लखमा की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने 16 जनवरी को सुकमा बंद का ऐलान किया है. इसकी सूचना सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी ने अनुविभागीय अधिकारी को दे दी है.

कवासी लखमा की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस में आक्रोश है. बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने बीजेपी और ईडी का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी भी की. कवासी लखमा की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बीजेपी ईडी के माध्यम से कांग्रेस को डराना चाहती है. लखमा कोंटा से 6 बार के विधायक हैं. आगामी नगरीय और पंचायत चुनाव हैं. ऐसे में बीजेपी कई प्रकार के हथकंडे अपना कर कांग्रेस के गढ़ में विजय हासिल करना चाहती है. बीजेपी ईडी और सीबीआई के दम पर देश में राज करना चाहती है. लोकतंत्र को पूरी तरह से खत्म करने की कोशिश कर रही है.कांग्रेस नेताओं ने कहा, ईडी अपने अधिकारी का दुरुपयोग कर रही है, जिससे भविष्य में बीजेपी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा. प्रदर्शन में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक चंदन कश्यप, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे.

बदले की भावना से की गई कार्रवाई : भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है. बघेल ने ट्वीट कर कहा है कि बदले की भावना से कार्रवाई की गई है. केंद्र सरकार में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर ईडी कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की साजिश रच रही है. पूरी कांग्रेस पार्टी कवासी लखमा के साथ खड़ी है.

केंद्रीय एजेंसियों की विश्वसनीयता खत्म : टीएस सिंहदेव

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कहा, लखमा की गिरफ्तारी भाजपा की कुख्यात द्वेषपूर्ण राजनीति का एक और उदाहरण है. विपक्ष के नेताओं को फंसाना और उन पर जबरन दबाव बनाना भाजपा के गंदे खेल ने सरकारी संस्थाओं और जांच एजेंसियों की निष्पक्षता और काबिलियत पर से देश का विश्वास खत्म कर दिया है. इस संघर्ष के समय में हम सभी हमारे साथी, कांग्रेस नेता कवासी लखमा के साथ खड़े हैं.

Related Articles

Back to top button