छत्तीसगढ़

स्कूल पहुंचे पुलिस अधिकारी, बच्चों को बताईं ऐसी बातें जो हर परिवार को जानना जरूरी! एक गलती पड़ सकती है भारी

धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा, साइबर ठगी, नए कानून और गुड समैरिटन योजना की दी अहम जानकारी

धमतरी। सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही या मोबाइल पर किया गया एक गलत क्लिक बड़ी मुसीबत बन सकता है। इसी संदेश को लेकर धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा से लेकर साइबर अपराध, नए आपराधिक कानून और दुर्घटना पीड़ितों की मदद जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संबलपुर (धमतरी) में यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यातायात नियमों का पालन करने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर अनुशासित व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन नियमों का पालन कर कई सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

साइबर ठगी से बचने के बताए महत्वपूर्ण उपाय

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाते या एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी

कार्यक्रम में देश में लागू नए आपराधिक कानूनों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील

इस दौरान प्रधानमंत्री राहवीर (Good Samaritan) योजना की भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को शासन की ओर से प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। विद्यार्थियों से मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की गई।

धमतरी पुलिस ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता विकसित करना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और समाज में भी जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभा सकें।

Related Articles

Back to top button